रिपोर्टर: शैलेश, उत्तर प्रदेश रायबरेली:- जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ चौराहे पर वर्षों से दुकानें चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे दुकानदारों को कथित तौर पर रातों-रात उजाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि करीब 25 से 30 वर्षों से संचालित उनकी दुकानों पर जेसीबी चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। दुकानदारों का आरोप है कि यह कार्रवाई पास स्थित एक निजी अस्पताल की पार्किंग तैयार कराने के उद्देश्य से की गई। पीड़ितों के मुताबिक, उन्हें कार्रवाई से पहले कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई और अचानक जेसीबी से उनकी दुकानें गिरा दी गईं।पीड़ित दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकानों को ढहाए जाने के दौरान वहां रखा सामान भी गायब हो गया। अचानक हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।घटना को लेकर दुकानदारों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और उनके नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और दुकानों को हटाने की कार्रवाई किसके आदेश पर हुई, यह जांच का विषय है। प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।





