
रिपोर्टर- राजेंदर अग्गरवाल, हिसार, हरियाणा :- हिसार 21 अगस्त : अणुव्रत समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट के अंतर्गत इस वर्ष भी विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘हमारी ताकत-हमारा परिवार’ रखा गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में पारिवारिक मूल्यों, नैतिक संस्कारों तथा रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विनोद जैन के अणुव्रत गीत से हुआ तथा उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने तथा नैतिक मूल्यों से संबंधित शपथ दिलवाई। इसी क्रम में तेरापंथ भवन, कटला रामलीला मैदान में अणुव्रत क्रिएटीविटी कॉन्टेस्ट-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय ड्राइंग, निबंध, भाषण, कविता, एकल गायन, समूह गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं प्रभावशाली कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने परिवार के महत्व, संस्कारों तथा सामाजिक मूल्यों को अपनी चित्रकला और भाषणों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अणुव्रत समिति का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों, अनुशासन, पारिवारिक भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास करती हैं। उन्होंने बताया कि यह गतिविधि अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में आचार्य श्री महाश्रमण की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री यशोधरा एवं शासनश्री साध्वीश्री परशमरती के पावन आशीर्वाद से आयोजित की गई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया गया कि ड्राइंग प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में न्यू इन्डिया कान्वेंट स्कूल की वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में लार्ड शिवा कान्वेंट की मनीष प्रथम रही। वहीं भाषण प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में नेशनल हाई स्कूल की प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि जूनियर वर्ग में जैन गल्र्स वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की यशमीत प्रथम रही, निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जैन गल्र्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की शीतल प्रथम रही व जूनियर वर्ग में पीजीएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का अक्षय प्रथम रहा, कविता प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जैन गल्र्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की लक्ष्मी प्रथम रही और जूनियर वर्ग में शुभी विजेता रही, एकल गायन प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में पीजीएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की विनिता प्रथम रही व जूनियर वर्ग में जैन गल्र्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की उपासना विजेता रही, समूह गायन प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में न्यू इन्डिया कान्वेंट विद्यालय की आयुषी, कनिका, वैशनवी, निधी मुस्कान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश किया।
विद्यार्थियों की प्रतिभा की सभी ने सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जज की भूमिका डा सतेंद्र यादव, रिटायर्ड प्राचार्या बृजबाला व जयभगवान लाडवाल ने निभाई। कार्यक्रम के आयोजन में आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर हिसार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में आए अतिथियों को समिति द्वारा अणुव्रत पटका व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के अलावा मंत्री दर्शन लाल शर्मा, डा संजय मुंजाल, सभा अध्यक्ष संजय जैन, प्रमोद जैन, विनोद जैन, डॉ. सतेंद्र यादव, इन्द्रेश पांडे, अनिल जैन, अनिल गुप्ता, राजकुमार सोनी, प्रेम सिंह, टेकराम बूरा, जगदीश गर्ग, सुनील मित्तल, नितिन कुमार अग्रवाल, पलवेन्दर कुमार विद्यालय के प्राचार्य सुभाष शर्मा, शमशेर सिंह तथा विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य एवं समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।






