रिपोर्टर – रणजीत सिंह, रायबरेली :- सरेनी थाना क्षेत्र के जदईखेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रानीखेड़ा मजरे छतौना गांव निवासी 22 वर्षीय सर्वेश कुमार पुत्र रामकुमार ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जदईखेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि सर्वेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।





