
रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- रायबरेली जिला कारागार रायबरेली में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 51 वर्षीय बंदी की मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बंदी के अचेत होने पर जेल प्रशासन ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। कारागार प्रशासन के मुताबिक मृतक की पहचान सुग्गन (51) पुत्र हबीब, निवासी घरौरा, थाना लीलापुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे सुग्गन अचानक अचेत हो गया।जेल के चिकित्साधिकारी ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण किया और रात करीब 8:52 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना कारागार प्रशासन को दी गई। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का संभावित कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी फेलियर बताया गया है। हालांकि मौत का वास्तविक और अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। कारागार प्रशासन के अनुसार सुग्गन को 28 जनवरी 2025 को हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास के साथ 60 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई थी। सजा सुनाए जाने के बाद उसे जिला कारागार रायबरेली में दाखिल किया गया था। बंदी की मौत के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






