रिपोर्टर:- अनुज, फतेहपुर, यूपी:- मथुरा की सुप्रसिद्ध रासलीला मंडल ने जनता को किया मंत्र मुग्ध खजुहा (फतेहपुर)। फतेहपुर जनपद के खजुहा कस्बे के दक्षिण दिशा में स्थित सिद्ध पीठ मां पंथेश्वरी धाम खजुहा में नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा के पंचम स्वरूप मां स्कंदमाता का अद्भुत एवं अलौकिक श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। माता रानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। वहीं, मथुरा से आई रासलीला मंडली की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भक्तों का मन मोह लिया। मां पंथेश्वरी धाम में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने माता रानी के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। रासलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सजीव मंचन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंगूर वाहिनी के अजय गुप्ता की टीम ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की ओर से मंदिर आने-जाने वाले मार्ग पर प्रकाश, पानी तथा माता रानी के दर्शन के लिए रास्ते को सुगम बनाने की व्यवस्था की गई, मंदिर पुजारी ने बताया मां स्कंदमाता के स्वरूप का महत्व- मंदिर के पुजारी आचार्य आयुष द्विवेदी जी महाराज ने बताया कि मां दुर्गा के पंचम स्वरूप मां स्कंदमाता के महात्म्य का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मां स्कंदमाता की आराधना से भक्तों को सुख, शांति और संतान सुख की प्राप्ति की मान्यता है। मां का यह स्वरूप वात्सल्य, ममता और करुणा का प्रतीक माना जाता है। भक्तिभाव से मां की पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालु माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।
सिद्ध पीठ मां पंथेश्वरी धाम में भक्ति, धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं की सेवा का यह संगम क्षेत्र में आस्था का केंद्र बना हुआ है।






