
रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के कैलौली गांव में पत्नी की कथित हत्या के मामले में मृतका की बेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी पिता की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बेटी का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है और परिवार को लगातार धमकियां दे रहा है। जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की सुबह गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के कैलौली गांव में रामशंकर पुत्र गुरुप्रसाद पर अपनी पत्नी मनोरमा देवी के साथ मारपीट करने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, रामशंकर ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर मनोरमा देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनोरमा देवी को परिजन एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स मुंशीगंज रेफर किया गया। उपचार के दौरान 25 जुलाई 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। मामले में गुरुबख्शगंज थाने में मुकदमा दर्ज है। सोमवार को मृतका की बेटी नेहा अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। नेहा का आरोप है कि उसके पिता अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकी दे रहे हैं कि वे जमीन-जायदाद बेचकर उन्हें बेघर कर देंगे। उन्होंने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता की बेटी को मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की विवेचना जारी है।






