रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- जानकारी के अनुसार, कुंदनगंज निवासी सरफराज (25), सोफिया बानो (48), मोहम्मद सिराज और महजबी बानो एक ही बाइक पर सवार होकर रायबरेली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की टक्कर अंगूरी निवासी सुरेश पुत्र शत्रुधन की मोटरसाइकिल से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसी समय सामने से आ रही तीसरी बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान सरफराज की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






