
रिपोर्टर – लालजी यादव, संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश :- संत कबीर नगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देशन में आगामी सावन माह की कांवड़ यात्रा एवं चेहलुम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से धनघटा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उपस्थित रहे। इसके अलावा धनघटा थाना प्रभारी निरीक्षक, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारी, विभिन्न मंदिरों के पुजारी, ग्राम प्रधान तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपनी दुकानों पर रेट सूची प्रदर्शित करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा के भीतर ही डीजे बजाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सावन माह के दौरान खुले में मांस एवं मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मंदिरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुजारियों से प्रमुख मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की गई। क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में बैजू धाम शिव मंदिर, बसवारी गांव शिव मंदिर, बिड़हर घाट शिव मंदिर, धनघटा शिव मंदिर, हैसर बाजार शिव मंदिर, पौली कस्बा शिव मंदिर, मोहम्मदपुर शिव मंदिर, गागड़गाड़ शिव मंदिर एवं जगदीशपुर शिव मंदिर शामिल हैं, जहां सावन माह में प्रतिदिन लगभग 1,000 से 5,000 श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। बिड़हर घाट पर जहां श्रद्धालु जल भरते हैं, वहां प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिगत एनडीआरएफ टीम एवं अस्थायी गोताखोरों की भी तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में चेहलुम पर्व को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि चेहलुम इस्लाम धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे विशेष रूप से शिया मुस्लिम समुदाय श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाता है। प्रशासन ने सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। अंत में अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा और चेहलुम दोनों पर्व शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराए जाएंगे, जिसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।




