रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को रायबरेली के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति एवं शासन के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता अखिलेश माही ने किया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता अखिलेश माही ने दिल्ली की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने अपने ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराए जाने, आंदोलन के दौरान घायल छात्रों को निःशुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद उन लोगों की पहचान सार्वजनिक कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग शामिल है, जिन पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। अधिवक्ता समाज ने कहा कि जब तक छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में न्याय नहीं मिला तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।





