रिपोर्टर – रणजीत सिंह, उन्नाव, उत्तर प्रदेश :- उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा गोकुलपुर मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय अभय और 12 वर्षीय सूर्यांश जॉन्डिस की दवा लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोकुलपुर मोड़ के निकट एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के बाद डंपर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।







