
रिपोर्टर :- रणजीत सिंह, रायबरेली, उत्तर प्रदेश रायबरेली जनपद के लालगंज विकासखंड क्षेत्र के रण गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत गीता कथा महापुराण का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कथा आयोजन के पहले दिन गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। कथा सुनने के लिए आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से गांव में आध्यात्मिक माहौल बनता है और लोगों में सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। पुलिस प्रशासन भी आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।





