रिपोर्टर – रणजीत सिंह, रायबरेली :- रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र स्थित खैरानी चौराहे के पास प्रयागराज-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से रायबरेली की ओर आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






