रिपोर्टर – संजय पुरी, चंडीगढ़ से दरबार साहिब में माथा टेकने जाते हुए शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया अमृतसर के ब्यास पहुंचे, जहां शिरोमणि अकाली दल पठानकोट यूथ अध्यक्ष जसप्रीत सिंह राणा और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मजीठिया का जोरदार स्वागत किया। इस मौके मजीठिया ने कहा कि असली सरकार गुरु महाराज के आशीर्वाद से चलती है। झूठी सरकारों की उन्हें न तो पहले जरूरत थी और न ही भविष्य में कभी होगी। उन्होंने कहा कि वे झुकने वाले नहीं हैं। मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने मजीठिया को “दबोचा”, लेकिन मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान को साफ बता देना चाहता हूं कि कोई भी मजीठिया को हाथ नहीं लगा सकता। हाथ तो अब हम लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जब वे जेल में थे तो बाहर बैठे लोग चीखें मार रहे थे, न कि वे खुद। जसप्रीत सिंह राणा और पार्टी कार्यकर्ताओं से मजीठिया ने बातचीत की और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। शिरोमणि अकाली दल इस दौरे को मजीठिया की राजनीतिक वापसी के रूप में देख रहा है। गौरतलब है कि बिक्रम सिंह मजीठिया को वर्ष 2025 में दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल भेजा गया था। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 2 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने मजीठिया को नियमित जमानत दे दी थी।







