भारत का विकसित राष्ट्र के रूप में हो रहा उदयः मंत्री डॉ. कमल गुप्ता

हिसार/हरियाणाः शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि भारत विश्व का विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश बहुत आगे बढ़ चुका है। आज भारत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मामले में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2022.23 में जीडीपी की दर 7.2 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान लगाया है। इस बात से सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि हम अन्य क्षेत्रों के साथ आर्थिक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका के मियामी शहर के मेयर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर भारी संख्या में प्रवासी भारतीय, विशिष्ट अतिथि, नगर के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कैबिनेट मंत्री डॉ कमल गुप्ता का भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में निकाय मंत्री ने कहा कि आप लोगों ने मुझे जो स्नेह व सम्मान दिया है उसका में जीवन भर ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि भारत में निवेश की अपार संभावनाएं है। निवेश के लिए यहां अनुकूल वातारण औऱ सरकार की उदार और व्यवाहरिक नीतियां आपको पूरी तरह रास आएगी। आज भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी श्रम शक्ति व बौद्धिक क्षमता वाला देश है। आई टी क्षेत्र के मामले में भारत दुनिया का अग्रणी देश बन चुका है।

  कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश के राज्यों को विकास की गति देने के लिए केंद्र व हरियाणा सरकार ने अनेकों योजनाओं को क्रियान्वित करने का कार्य किया है। स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कर सुधार प्रणाली, आई टी क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं, जिसके बहुत ही सकारत्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

  डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा प्रान्त के भी कई शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें करनाल औऱ फरीदाबाद के बाद अब हिसार और पंचकूला को भी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी का विजन नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने हेतु उन योजनाओं को लागू करना है जिनसे पर्याप्त जल आपूर्ति, सुनिश्चित बिजली आपूर्ति, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, गरीबां के लिए सस्ती आवास योजना, मजबूत आई टी कनेक्टिविटी, डिजिटीकरण, सुशासन,  ई गवर्नेंस, नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहतर प्रबंधन आदि कार्य सुनिश्चित होंगे। निकाय मंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग की बात की जाए तो हमने आधुनिक तकनीकों का सहारा लेकर विभाग में बहुत ही गुणात्मक सुधार किए हैं।

  कैबिनेट मंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूप वाला ने बताया कि निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता कनाडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा के प्रतिनिधि के रूप में वहां गए है। वे संयुक्त राज्य अमेरिका के कई स्थानों पर प्रवासी भारतीयों व वहां की विभिन्न संस्थाओं के निमंत्रण पर विचार गोष्ठियों व चाय पर चर्चा आदि कार्यक्रम में अपनी भागीदारी कर रहे है।

  इस अवसर पर पांडिचेरी के लोक निर्माण पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री लक्ष्मी नारायणए यूएसए में महावाणिज्य दूत श्री मति डॉ स्वाति कुलकर्णी, पंकज ओझा, विपुल भाई, धरान, विनोद कुमार व डॉ. प्रतिमा गुप्ता आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।