सेवानिवृत्त नहीं सेवा सम्मान समारोह करें आयोजित : प्रोफेसर बी.आर. काम्बोज

हिसार, राजेन्द्र अग्रवालः चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर बी.आर. काम्बोज बतौर मुख्यातिथि थे। कुलपति ने इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति नहीं बल्कि उनकी सेवा के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इनकी सेवानिवृत्ति से इस विश्वविद्यालय को बड़ी संख्या में अपने योग्य अनुभवी एवं मेहनती कर्मचारियों को खोना पड़ रहा है। उन्होंने कहा प्रसिद्धि की जिस शिखर पर आज विश्वविद्यालय पहुंचा है यह उन जैसे मेहनती, योग्य एवं कर्मठ कर्मचारियों की सेवा का ही परिणाम है। आप सभी कर्मचारी अपने कनिष्ठ सहयोगियों के लिए प्ररेणा स्त्रोत सिद्ध होंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी जब भी अपनी किसी समस्या या कार्य से उनके पास आये तो उनके कार्य को प्रथामिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि वे अपने को सेवानिवृत्त न समझें बल्कि अपने को व्यस्त रखकर परिवार व समाज को अपनी सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय से जुड़ाव बरकरार रखना है और इसके विकास में अपना सकारात्मक योगदान देते रहना है। उन्होंने बताया कि सेवा, समर्पण, निष्ठा, त्याग व बलिदान की भावना हमेशा जिंदा रहती है उसको कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप-वित्त नियंत्रक शोभित कपूर ने सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के दरवाजे सदैव सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए खुले हैं। वह अपने कार्य के लिए किसी भी समय यहां आ सकते हैं। विश्वविद्यालय के गत दो माह में सेवानिवृत्त कर्मचारी डॉ. पी.एस. सांगवान, डॉ. आर.एस. कंवर, डॉ. ए.के. भाटिया, डॉ. किशोर कुमार, डॉ. एन.के. गोयल, डॉ. राजबीर सिंह, एम.एस. मोर, ईश्वर सिंह, सज्जन कुमार, वर्षा रानी, साधुराम, अमेश्वर कुमार, रामफल, भलीराम, दत्ताराम, राम सहाय, छाज्जुराम, बलवंत शर्मा, रामनिवास, रामकुमार, छोटूराम, बंती आदि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, कुलसचिव डॉ. एस.के. महत्ता, एसवीसी कपिल अरोड़ा, उप-नियंत्रक शोभित कपूर सहित सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।