रोहतास, बिहार/नगर संवाददाताः बिहार के रोहतास जिले में पुराने विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान हुई हिंसक झड़प में तीन लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घटना जिले के बिक्रमगंज के मानी गांव की है। दशहरा के दौरान गांव के दो टोलों में विवाद हुआ था। इसके बाद एक बार फिर से बुधवार को दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। जानकारी के मुताबिक गांव के दो टोलों में दुर्गापूजा का आयोजन किया गया था। पूजा में अश्लील गाना बजाने को लेकर ही दो पक्षों में विवाद हो गया था। बुधवार को भी उसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोग आपस में टकरा गए। इसके बाद दोनों गुटों में जमकर मारपीट और गोलीबारी शुरू हो गयी। जिसमें एक 24 वर्षीय युवक बुटन पासवान की मौत हो गयी। जबकी तीन लोग घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिये सासाराम के सदर अस्पताल में लाया गया है। पुलिस फिलहाल मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।