
बॉलीवुड की सबसे रोमांटिक फिल्मों में शुमार, शाहरुख खान और काजोल की कालजयी प्रेम कहानी ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ) अब इतिहास रचने जा रही है। इस फिल्म के 30 साल पूरे होने से पहले, लंदन के प्रतिष्ठित लेसेस्टर स्क्वायर पर एक विशेष मूर्ति लगाई जाएगी, जिसमें शाहरुख और काजोल को फिल्म के एक यादगार पोज़ में दर्शाया जाएगा।
यह खबर न केवल भारत, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सिनेप्रेमियों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह पहली बार है जब किसी भारतीय फिल्म को लेसेस्टर स्क्वायर के Scenes in the Square movie trail में स्थान दिया जा रहा है।
DDLJ 1995 में रिलीज़ हुई थी और इसने न केवल भारतीय सिनेमा में एक नया दौर शुरू किया, बल्कि विदेशों में बसे भारतीयों की भावनाओं को भी गहराई से छुआ। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी यह फिल्म यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी थी और आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है।
Odeon Cinema के बाहर, लेसेस्टर स्क्वायर के ईस्टर्न टेरेस पर यह मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके आसपास अन्य प्रतिष्ठित फिल्मों जैसे Superman, Batman, Mr. Bean, Wonder Woman आदि के पॉप-कल्चर स्टैचू पहले से ही मौजूद हैं। ऐसे में शाहरुख और काजोल का जुड़ना भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस ऐतिहासिक घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“यह एक ऐतिहासिक ट्रिब्यूट है जिसमें #ShahRukhKhan और #Kajol को DDLJ के एक यादगार पोज़ में दिखाया गया है। यह #30YearsOfDDLJ उत्सव की शुरुआत है।”
फिल्म की शूटिंग हॉर्सगार्ड्स एवेन्यू, हाइड पार्क, टॉवर ब्रिज और किंग्स क्रॉस स्टेशन जैसे लंदन के प्रसिद्ध स्थानों पर हुई थी। DDLJ ने भारतीय सिनेमा को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान दी, और अब यह मूर्ति उस ऐतिहासिक जुड़ाव को और भी मज़बूत बनाएगी।
20 अक्टूबर 2025 को DDLJ के 30 साल पूरे हो रहे हैं, और उससे कुछ महीने पहले लंदन की सड़कों पर जब शाहरुख और काजोल की यह यादगार झलक मूर्ति के रूप में दिखाई देगी, तो यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण होगा। यह केवल एक फिल्म का सम्मान नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रेम और सिनेमा की उस भावना का उत्सव है जिसने सीमाओं को पार कर दिलों को जोड़ा है।