कन्याकुमारी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा करेगी भाजपा की विभाजनकारी नीतियों का पर्दाफाशः एडवोकेट खोवाल

हिसार/हारियाणा, राजेन्द्र अग्रवालः कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जाने वाली भारत जोड़ो यात्रा में हिसार के वरिष्ठ कांग्रेसी नेतागण भी गवाह बनेंगे। इस यात्रा में शामिल होने के लिए हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल की अगुवाई में पूर्व जेडएमईओ शैलेश वर्मा, डाॅ. सतबीर वर्माए एडवोकेट जितेश भारद्वाज, एडवोकेट चंद्रहर्ष व एडवोकेट हिमांशु आर्य खोवाल कन्याकुमारी पहुंचे। यह दल इस यात्रा में शामिल रहकर हिसार का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।  

  एडवोकेट खोवाल ने बताया कि वे दोपहर को ही कन्याकुमारी पहुंच चुके हैं। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बहन कुमारी सैलजा भी शामिल रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा कन्या कुमारी से शुरू होकर देश के लगभग 12 राज्यों से होते हुए 3500 किलोमीटर का फासला तय करते हुए कश्मीर पहुंचेगी। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस भाजपा की विभाजनकारी नीतियों का पर्दाफाश करते हुए उन्हें एकता के सूत्र में जोड़ने का काम करेगी।

भाजपा कर रही है बांटने की राजनीति

  एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भाजपा आरएसएस के एजेंडे पर चलते हुए देश को बांटने की राजनीति कर रही है। कभी जाति के नाम पर तो कभी धर्म व संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने की साजिश रची जा रही है। देश के एक समुदाय को दूसरे समुदाय से लड़ाने के लिए गलत फैसले लिए जा रहे हैं। अनर्गल बयानबाजी से देश का ध्यान असल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। देश में महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी चरम सीमा पर है। इसलिए जनता को बहकाने के लिए हर रोज नए नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा भाजपा के इसी षड़यंत्रकारी प्रोपगंडों की पोल खोलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा देश के सभी जाति व संप्रदाय के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करेगी।